केसला। ग्राम पंचायत केसला में स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र के चहुमुखी विकास के संकल्प के साथ केसला जनपद अध्यक्ष गंगा राम कलमे एवं भाजपा मंडल महामंत्री जगदीश बावरिया ने नई दुकानों के निर्माण हेतु विधि-विधान से भूमि पूजन किया।
व्यापार और रोजगार पर जोर
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गंगा राम कलमे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का मजबूत होना अनिवार्य है। इन नई दुकानों के निर्माण से न केवल स्थानीय व्यापारियों को बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी आत्मनिर्भर बनेगी। उन्होंने कहा कि हर हाथ को काम और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देना ही हमारी प्राथमिकता है।
बुनियादी ढांचे की मजबूती
भाजपा मंडल महामंत्री जगदीश बावरिया ने इस पहल को ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं से युवाओं के लिए गांव में ही रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और पलायन पर रोक लगेगी।
इस दौरान केसला सरपंच प्रतिनिधि सम्मर सिंह, केसला मंडल कार्यालय मंत्री कन्हैया लाल सराठे, सह कार्यालय मंत्री हरिओम मालवीय और पंचायत सचिव सुमेर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










