इटारसी। आदिवासी विकासखंड केसला के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भट्टी में पंचायत प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां के एक अति गरीब निवासी हरिराम गोंड की समग्र आईडी पंचायत द्वारा डिलीट करने से उन्हें पिछले चार वर्षों से शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। परेशान होकर आज ग्रामीणों ने एसडीएम और तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपकर सरपंच-सचिव पर कार्रवाई की मांग की है।
30 साल से निवासी, फिर भी योजनाओं से वंचित
ग्रामीण अखिलेश पांडे और अंकित वर्मा ने बताया कि हरिराम पिछले 30 वर्षों से गांव में रह रहे हैं। उनके पास पुराना राशन कार्ड, परिचय पत्र और आधार कार्ड जैसे सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं, लेकिन उनकी समग्र आईडी पोर्टल से हटा दी गई है। आरोप है कि पिछले 4 साल से लगातार आवेदन देने के बावजूद सरपंच और सचिव द्वारा इसे दोबारा नहीं बनाया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत में लगातार अनियमितताएं और लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हरिराम की समस्या का निराकरण नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्च अधिकारियों के पास जाकर आंदोलन करेंगे। आवेदन सौंपते समय मुख्य रूप से हरिराम, अंकित वर्मा, अखिलेश पांडे, गोलू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।










