सिवनीमालवा। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश की कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की वार्षिक परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। इसी कड़ी में, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाड़ा में कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिरनखेड़ा के प्राचार्य राकेश साहू एवं शासकीय हाई स्कूल मकोडिय़ा के प्राचार्य हरि परेवा की विशिष्ट उपस्थिति में हुआ। सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन अर्चन किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। मंच संचालन संस्था के शिक्षक मधु हुरमाड़े ने कुशलता से किया।
भावुक अनुभव और तिलक लगाकर विदाई
विदाई की इस बेला में कक्षा 12 वीं के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने बीते वर्षों के खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा। कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर्स का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा स्वल्पाहार का भी आयोजन किया और विद्यार्थियों ने संस्था को भी उपहार भेंट किए।
शिक्षकों ने दिए सफलता के मंत्र और दिशा-निर्देश
संस्था के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य और शिक्षकों ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए बताया कि परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पूर्व अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हो, परीक्षा के दौरान पूर्ण अनुशासन बनाए रखें, कठिन परिश्रम कर अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हों और विद्यालय व गांव का नाम रोशन करें, यदि अवकाश के दिनों में भी किसी विषय में कठिनाई आती है, तो विद्यार्थी विद्यालय आकर शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था प्राचार्य राममोहन रघुवंशी, वीरेंद्र यादव, राजेश देवडिय़ा, शिव शंकर चौधरी, अखिलेश यादव, योगेंद्र मालवीय, आशीष यादव, शिखा रघुवंशी, सुनीता राजपूत, एवं शिवम ठाकुर सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।









