इटारसी। श्री बिजासन देवी दरबार समिति, महर्षि कॉलोनी द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को समिति निशुल्क कन्या विवाह सम्मेलन करायेगी। यह संपूर्ण आयोजन पूर्णत: सनातनी धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
विवाह के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आज मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि आयोजन में कोई कमी न रहे।
समिति उठाएगी सारा खर्च
समिति के संरक्षक एवं संस्थापक सुनील पाठक ने बताया कि विवाह का संपूर्ण व्यय समिति द्वारा वहन किया जाएगा। इसमें वधू को दिए जाने वाले दान-दहेज से लेकर भोजन और मंडप तक की सभी व्यवस्थाएं निशुल्क रहेंगी। वर्तमान में समिति के पास तीन कन्याओं के विवाह का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है।
धार्मिक विधि-विधान से होगा पाणिग्रहण
समिति के अध्यक्ष एवं विवाह के आचार्य पंडित प्रमोद भार्गव ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यह आयोजन पूरी तरह से वैदिक पद्धति और सनातनी परंपराओं के अनुसार होगा। हमारा उद्देश्य है कि उन परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण तरीके से हो सके, जिन्हें आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है।
बसंत पंचमी महोत्सव और श्रीमद् भागवत कथा के मुख्य यजमान श्री दुबे ने भी आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं, समिति के मुख्य सलाहकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश साहू ने बताया कि कार्यक्रम की कानूनी और सामाजिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में जुटे हैं।









