इटारसी। पुराने बस स्टैंड पर बसों के 5 मिनट स्टॉपेज की मांग को लेकर अब आर-पार की जंग शुरू होने जा रही है। शासन-प्रशासन की कथित हठधर्मिता और लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी गज्जू ने सत्याग्रह का ऐलान कर दिया है।
तिवारी ने बताया कि गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और बुजुर्ग यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए बार-बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी के विरोध में 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे से जय स्तंभ चौक पर सत्याग्रह प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यात्रियों की परेशानी दूर कर स्टॉपेज बहाल नहीं किया जाता, यह लड़ाई जारी रहेगी।









