पिपरिया। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस थोटा के मार्गदर्शन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
क्या था मामला?
यह घटना 08 फरवरी की है। फरियादी नवीन उर्फ कल्लू अहिरवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह और उसके चाचा का लड़का करण अहिरवार पैदल घर लौट रहे थे, तभी गांधी वार्ड निवासी धर्मेन्द्र अहिरवार ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें गाली-गलौज करना शुरू कर दिया । विवाद बढऩे पर आरोपी धर्मेन्द्र घर के अंदर से धारदार बका लेकर आया और जान से मारने की नीयत से करण के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया । इस हमले में करण को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आए नवीन का भी आरोपी ने गला दबाकर हमला करने की कोशिश की ।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी धर्मेन्द्र अहिरवार 34 वर्ष को उसके निवास स्थान अयोध्या बस्ती से हिरासत में ले लिया । पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया लोहे का धारदार बका भी बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उनि राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, उनि मानिक सिंह बट्टी और उनकी टीम के अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।









