इटारसी। शहर में पिछले कई दिनों से बस स्टैंड की व्यवस्था को लेकर चल रहा गतिरोध सोमवार को खत्म हो गया। रेस्ट हाउस में आयोजित एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में विधायक, एसडीएम, नपा अध्यक्ष, बस मालिक और व्यापारी संगठनों के बीच सहमति बनी कि नया बस स्टैंड ही मुख्य स्टॉप रहेगा, लेकिन पुराने बस स्टैंड पर सभी बसों को 5 मिनट का अनिवार्य स्टॉपेज दिया जाएगा। इस निर्णय से छात्र, व्यापारी और ग्रामीण यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद इसकी औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
कांग्रेस ने किया था जमीनी निरीक्षण, उठाई थी मांग
उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस भी लगातार मुखर थी। सोमवार को ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय एवं नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं के साथ पुराने बस स्टैंड का जमीनी निरीक्षण किया था। श्री पांडेय ने आमजन से संवाद करते हुए कहा था कि बसों का 5 मिनट का ठहराव यात्रियों का अधिकार है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि भीषण गर्मी में बुजुर्गों, मजदूरों और छात्रों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ रहा है, जो बर्दाश्त के बाहर है।
साझा प्रयास लाया रंग
नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि वर्तमान अव्यवस्था से शहर का हर वर्ग परेशान था। कांग्रेस के इस कड़े रुख और व्यापारिक संगठनों की मांग के बाद शाम को हुई बैठक में प्रशासन को झुकना पड़ा। बैठक में सभी राजनैतिक दलों, जागरूक नागरिकों और बस मालिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान अतुल तिवारी, हरिनारायण थापक, चंद्रकांत बहारे सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









