इटारसी। जीआरपी इटारसी ने ट्रेन में सो रहे यात्रियों का सामान चुराने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1,46,000 रुपये कीमत का मशरुका बरामद किया है ।
पंजाब मेल एक्सप्रेस कोच एस/5 में सफर कर रही भोपाल निवासी एक महिला यात्री का बैग चोरी हो गया था। बैग में एचपी लैपटॉप, आईफोन 16, वन प्लस मोबाइल और अन्य कीमती सामान था। यह घटना खिरकिया स्टेशन के पास हुई थी ।
पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल राहुल कुमार लोढा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रेलवे स्टेशन इटारसी के टिकट विंडो से आरोपी वीरेन्द्र उर्फ गोलू 36 वर्ष, निवासी जिला बैतूल को हिरासत में लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक लैपटॉप कीमत 80,000 रुपए, एक आईफोन 16 कीमत 60,000 रुपए, चार्जर एवं बैग कीमत 2,000 रुपए बरामद किया।









