- मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल ने नर्मदापुरम में आयोजित कॉन्फ्रेंस में प्रदान किया सम्मान
इटारसी। भारतीय डाक विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभिकर्ताओं के लिए नर्मदापुरम के हैप्पी मैरिज गार्डन में एक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस अवसर पर भारतीय डाक जीवन बीमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के लिए इटारसी के अभिकर्ता मनमोहन पगारे को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत कुमार माथुर उपस्थित थे। उन्होंने मनमोहन पगारे की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सम्मान समारोह के दौरान डिविजनल मैनेजर एसके पांडेय और नर्मदापुरम संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर सागर नीलेश शाह भी विशेष रूप से मंचासीन रहे।
अधिकारियों ने कहा कि डाक विभाग की सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और बीमा क्षेत्र में ग्राहकों का विश्वास जीतने में अभिकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सम्मान प्राप्त करने पर मनमोहन पगारे को शुभचिंतकों और मित्रों ने बधाई प्रेषित की है।










