- प्रखर समाज सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने मेधावी छात्रों को बांटी शिक्षण सामग्री, 10 वर्षों से जारी है अभियान
इटारसी। नर्मदा भक्ति पंथ परिवार की अध्यक्ष एवं प्रखर समाज सोशल वेलफेयर सोसाइटी की प्रमुख, प्रख्यात राष्ट्रीय कथाकार व वरिष्ठ समाजसेविका देवी रत्नमणि द्विवेदी ने आज शिक्षा की अलख जगाते हुए एक सराहनीय पहल की। उन्होंने एसएसडीएसएम माध्यमिक विद्यालय में मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्रोत्साहन हेतु शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया।
संस्कारों के बिना अधूरी है शिक्षा
इस अवसर पर देवी रत्नमणि ने बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। आज के दौर में बच्चों को नैतिक शिक्षा और संस्कारों से जोडऩा अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे एक बेहतर नागरिक बन सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज का यह दायित्व है कि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभावान बच्चे के भविष्य की बाधा न बने।
दशक भर से सेवा का सफर
उल्लेखनीय है कि देवी रत्नमणि द्विवेदी के सानिध्य में प्रखर समाज सोशल वेलफेयर सोसाइटी पिछले 10 वर्षों से निरंतर इस दिशा में कार्य कर रही है। संस्था अब तक हजारों जरूरतमंद बच्चों को कॉपी, पेन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद कर चुकी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक स्टाफ के साथ पशुपतिनाथ समिति इटारसी के अध्यक्ष मेहरबान चौहान, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बावरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने देवी रत्नमणि द्विवेदी के इस सेवाभावी कार्य की सराहना की।









