इटारसी। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी ईमानदार देखभाल और उत्कृष्ट शिक्षण के लिए विख्यात साईं विद्या मंदिर स्कूल, न्यास कॉलोनी में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उत्साह और तैयारी का माहौल चरम पर है। विद्यार्थियों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्कूल प्रबंधन ने ‘मिशन मोड’ में तैयारी शुरू कर दी है।
रविवार को भी लग रही हैं कक्षाएं
संस्था के संचालक आलोक गिरोटिया एवं उप प्राचार्य मनीषा गिरोटिया ने बताया कि 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं की महत्ता को देखते हुए पिछले डेढ़ माह से सभी अतिरिक्त गतिविधियां रोक दी गई हैं। जैसे ही 17 दिसंबर को समय-सारणी प्राप्त हुई, तभी से अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि ये कक्षाएं केवल कार्यदिवसों में ही नहीं, बल्कि प्रत्येक रविवार को भी निरंतर जारी हैं।
सिलेबस और टेस्ट सीरीज पर फोकस
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास भरने के लिए नए एनसीईआरटी सिलेबस के आधार पर गहन अध्ययन कराया जा रहा है। स्कूल में न केवल नियमित पढ़ाई हो रही है, बल्कि निरंतर टेस्ट परीक्षाओं के माध्यम से बच्चों को मुख्य परीक्षा के स्वरूप से परिचित कराया जा रहा है।
परीक्षा के डर को नवाचार से किया दूर
संचालक ने बताया कि बच्चों के मन से परीक्षा का तनाव और डर निकालने के लिए विशेष मोटिवेशनल सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। शिक्षक बच्चों के साथ व्यक्तिगत संवाद कर रहे हैं, जिससे एक सकारात्मक और सहायक वातावरण तैयार हो सके। शिक्षकों का बच्चों के समीप रहकर तैयारी कराने का यह नवाचार निश्चित रूप से उन्हें सफलता की ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
किंडरगार्टन में भी पालक सी देखभाल
अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली के लिए प्रसिद्ध एसवीएम में केवल बोर्ड परीक्षार्थी ही नहीं, बल्कि किंडरगार्टन कक्षाओं में भी टेस्ट परीक्षाओं का दौर प्रारंभ हो चुका है। यहां बच्चों की देखभाल बिल्कुल घर जैसे वातावरण में की जा रही है, जिससे नींव से ही शिक्षा को मजबूती मिले।









