इटारसी। नगर के प्रमुख मार्ग पर आवागमन करने वाले नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। पश्चिम मध्य रेल के सहायक मंडल अभियंता (कार्य) इटारसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के चलते तीन पुलिया से पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ कार्यालय तक का मार्ग पूर्णत: बंद किया जा रहा है।
यह मार्ग 16 फरवरी से आगामी आदेश तक बंद रहेगा। इस क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है, जिसके सुचारू संपादन के लिए यातायात रोकना आवश्यक है। रेलवे प्रशासन ने सभी नागरिकों और संबंधित विभागों से अनुरोध किया है कि वे इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और कार्य में सहयोग प्रदान करें।
इस संबंध में सहायक मंडल अभियंता ने कलेक्टर होशंगाबाद, एसडीएम इटारसी, नगर पालिका, और विभिन्न थाना प्रभारियों आरपीएफ, जीआरपी, ट्रैफिक पुलिस सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित कर दिया है। 16 फरवरी से अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाएं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।









