इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का ग्राम रेसलपाठा में सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न हुआ। सेवा से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है, के ध्येय वाक्य के साथ स्वयंसेवकों ने सात दिनों तक श्रमदान और जन-जागरण के विभिन्न आयाम प्रस्तुत किए।
शिविर की मुख्य गतिविधियां
- जागरूकता अभियान : स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को पॉलिथीन मुक्त भारत, साइबर क्राइम, डिजिटल साक्षरता और स्वच्छता का संदेश दिया।
- श्रमदान : स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण किया गया।
- बौद्धिक सत्र : मानसिक स्वास्थ्य, सामुदायिक स्वास्थ्य, वित्त एवं बीमा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
समापन समारोह में प्राचार्य डॉ. अनीता राजपूत ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि समाज में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन और समर्पण की सराहना की। वहीं, ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने का आग्रह किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को डॉ. अनीता राजपूत एवं प्रधानपाठक श्रीमती ज्योति बड़ोदिया ने प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किए। अंत में एनएसएस ध्वज उतारकर अगले वर्ष के संकल्प के साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ। संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे ने एवं आभार डॉ. सतीश ठाकरे ने व्यक्त किया।









