इटारसी। नगर पालिका परिषद और वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी के संयुक्त तत्वावधान में 17 फरवरी को गांधी मैदान स्थित ऑडिटोरियम में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस मेले में 5वीं से 12वीं और उच्च शिक्षा उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष के युवक-युवतियां शामिल हो सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने इसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। चयनित अभ्यर्थियों को 3 माह की अप्रेंटिसशिप के बाद स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। प्रारंभ में 12,150 प्रतिमाह वेतन के साथ हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नपा अध्यक्ष ने युवाओं से अपील की है कि वे शिवरात्रि के इस पावन समय में कर्म और आत्मविश्वास के साथ इस अवसर का लाभ उठाएं।









