सिवनी मालवा। वार्ड 08 स्थित व्यास कॉलोनी में आनंदेश्वर महादेव मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम आचार्य घनश्याम तिवारी एवं ब्राह्मण आचार्य आशुतोष जोशी के सान्निध्य में विधि-विधान से हुआ। मुख्य यजमान के रूप में विजय शंकर सोनी एवं श्रीमती पुष्पा सोनी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन किया।
इस पावन अवसर पर वार्ड 08 की पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित ने मंदिर चबूतरा निर्माण हेतु 15 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। इस सहयोग से मंदिर चबूतरे पर टाइल्स लगाई तथा शिवलिंग के समीप कोटा पत्थर का निर्माण कार्य कराया। कॉलोनीवासियों ने पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित के इस धार्मिक योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ऋषिकांत पटवा, पंकज सोनी, अमित सिंह ठाकुर, संतोष गुरु, छगनलाल लौवंशी, नंदकिशोर सूर्यवंशी, श्याम रघुवंशी, मुकेश रघुवंशी सहित समस्त व्यास कॉलोनीवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









