इटारसी। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने देर रात एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के सख्त निर्देशों और जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर के मार्गदर्शन में विभाग ने सिंधी कॉलोनी क्षेत्र से एक चार पहिया वाहन में परिवहन की जा रही अवैध शराब की खेप बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर रात में बिछाया जाल
सहायक जिला आबकारी अधिकारी अशोक माहौरे के नेतृत्व में आबकारी टीम ने 12 फरवरी की रात्रि को मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंधी कॉलोनी में घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर उसमें से 08 पेटी देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई।
1.20 लाख की जप्ती, अज्ञात पर मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। विभाग ने 08 पेटी अवैध देशी शराब एवं एक कार जब्त की जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,20,000 रुपये बतायी जा रही है। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक केके पड़रिया, मुख्य आरक्षक दुर्गाप्रसाद माझी, आरक्षक मदन रघुवंशी, राजेश गौर, दुर्गेश पथरिया, धर्मेन्द्र बारंगे और नगर सैनिक रामावतार यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









