इटारसी। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर आज शनिवार शाम को शहर के जयस्तंभ चौक पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। संडे सोशल फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों और आम नागरिकों ने वर्ष 2019 में शहीद हुए 40 वीर जवानों को कैंडल जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को नमन किया। जयस्तंभ चौक “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। संस्था अध्यक्ष रामसेवक जोठे ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। यह वीरता आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर विश्व हिंदू महासभा, भूतपूर्व सैनिक सर्वोपरि कल्याण समिति के सदस्यों सहित भगवान दास जोठे, आशीष मालवीय, नितिन प्रजापति, और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









