पचमढ़ी। पचमढ़ी में आयोजित होने वाले सुप्रसिद्ध महाशिवरात्रि मेले की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण को देखते हुए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेले के दौरान उमडऩे वाली भारी भीड़ के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसटीआर के विशेष डॉग स्क्वाड का ‘अपोलो’ इन दिनों जंगलों और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी कर रहा है।
अधिकारियों के निर्देशन में सर्चिंग
क्षेत्र संचालक राखी नंदा के दिशा-निर्देशन और उप संचालक ऋषिभा नेताम के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा के नेतृत्व में वनपरिक्षेत्र अधिकारी विवेक तिवारी और उनकी टीम डॉग अपोलो के साथ लगातार गश्त कर रही है।
इन प्रमुख स्थानों पर पैनी नजर

डॉग अपोलो और एसटीआर की टीम द्वारा बस स्टैंड और जटाशंकर महादेव क्षेत्र, गुप्त महादेव और चौरागढ़ मार्ग, आसपास के इलाकों में स्थित घुमक्कड़ समुदायों के डेरे, जड़ी-बूटी और अन्य व्यापारिक दुकानो की जांच की जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता
गश्त के साथ-साथ वन विभाग की टीम श्रद्धालुओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी कर रही है। प्रचार-प्रसार के माध्यम से भक्तों से अपील की जा रही है कि जंगल के किनारों पर प्लास्टिक, पन्नी और पाउच न फेंके, पानी की खाली बोतलें निर्धारित स्थानों पर ही डाल, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को प्रदूषित न करें।
शिकारियों के मंसूबों पर पानी फेर रहा अपोलो
एसटीआर प्रशासन के अनुसार, डॉग अपोलो की तैनाती का मुख्य उद्देश्य शिकारियों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। जंगल के भीतर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को पकडऩे के लिए अपोलो के साथ टीम दिन-रात गश्त कर रही है। अपोलो की सूंघने की अद्भुत क्षमता वन्यजीव अंगों की तस्करी या अवैध शिकार की कोशिश करने वालों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।









