पचमढ़ी। पचमढ़ी के प्रसिद्ध महादेव मेले में उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा खुद मैदान में उतर आए हैं। मेले को सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कप्तान ने पचमढ़ी के विभिन्न संवेदनशील पॉइंट का विस्तृत भ्रमण कर जमीनी हकीकत जानी।
प्रमुख स्थलों का निरीक्षण और संवाद
पुलिस कप्तान ने मेले के मुख्य केंद्रों और सुरक्षा घेरों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड एवं पार्किंग क्षेत्र में बसों की आवाजाही और पार्किंग प्रबंधन की समीक्षा, शैलांजली बैरियर और महादेव पार्किंग में प्रवेश और निकास द्वारों पर तैनात बल की जानकारी ली, डीपी पॉइंट और विभिन्न पिकेट्स में सुरक्षा बिंदुओं पर तैनात कर्मचारियों से संवाद कर उनकी चुनौतियों को समझा।
जवानों का बढ़ाया मनोबल
मेले की सुरक्षा में पिछले 9 दिनों से दिन-रात तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसपी ने उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान आने वाली दिक्कतों पर चर्चा की और बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
देर रात तक सड़कों पर सक्रिय रही पुलिस
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक ने केवल दिन ही नहीं, बल्कि विगत रात्रि में भी मटकुली से लेकर बस स्टैंड तक का विशेष भ्रमण किया था। इस दौरान उन्होंने कान्वाय व्यवस्था का अवलोकन किया, मोबाइल पार्किंग और बसों के आवागमन की समीक्षा की ताकि जाम की स्थिति न बने।
निरीक्षण के दौरान एसपी के साथ डीएसपी यातायात संतोष मिश्र, एसडीओपी पिपरिया मोहित यादव और पचमढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक पदम सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।









