नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जेएल वर्मा ट्रॉफी इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-13 प्रतियोगिता का खिताब नर्मदापुरम ने अपने नाम कर लिया है। एमपीसीए ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में नर्मदापुरम की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पहली पारी की बढ़त के आधार पर बैतूल को पराजित किया।
भव्य गोठी का ऑलराउंड धमाका
संभाग सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि नर्मदापुरम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जो बिल्कुल सही साबित हुआ।
नर्मदापुरम की पारी : टीम ने 277 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। स्टार बल्लेबाज भव्य गोठी ने 110 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, वहीं प्रज्ञान थापक ने 52 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बैतूल की ओर से सक्षम महाले ने घातक गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट चटकाए।
बैतूल की जवाबी पारी : लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैतूल की टीम संघर्ष के बावजूद 197 रनों पर सिमट गई। काव्यांश भालेकर ने 82 रनों की साहसिक पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
नर्मदापुरम की ओर से भव्य गोठी, प्रज्ञान थापक और निष्कर्ष परासर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि दिव्यांश चौरे और दिव्यांश जैन ने 1-1 विकेट हासिल कर बैतूल की कमर तोड़ दी। अपने शानदार शतक और 2 विकेट के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए भव्य गोठी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सम्मान समारोह और श्रद्धांजलि
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कपिल फौजदार ने जेएल वर्मा को याद करते हुए कहा कि क्रिकेट के विकास में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। संचालन राजेश चौरे अध्यक्ष, जिला क्रिकेट संघ नर्मदापुरम ने तथा आभार प्रदर्शन कुलभूषण मिश्रा ने किया। मैच के निर्णायक अंपायर हरीश हनोटिया, गजेंद्र सालोकी और स्कोरर दिनेश वर्मा रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजय वर्मा, कुलभूषण मिश्रा, राजेश चौरे, निर्वेश फौजदार, संजय नाफडे, सुनील कालोसिया, अजय राठौर, शफीक खान, नितेश राजपूत और शैलेन्द्र पवार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा।









