इटारसी। पुलिस विभाग के गौरव और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक विजय शंकर द्विवेदी का शनिवार को हृदयघात के कारण दुखद निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस महकमे और नगर में शोक की लहर है। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पदक से नवाजा गया था।
रविवार को उनकी अंतिम यात्रा न्यास कॉलोनी स्थित निवास से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। खेड़ा मुक्तिधाम में जिला पुलिस के सशस्त्र जवानों ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। उनके ज्येष्ठ पुत्र अमित द्विवेदी ने उन्हें मुखाग्नि दी। वे अपने पीछे पुत्र अजय, अमित और आशुतोष द्विवेदी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।









