इटारसी। मालवीयगंज क्षेत्र में उस वक्त शोक की लहर दौड़ गई, जब वार्ड नंबर 16 के एक 30 वर्षीय युवक का शव इटारसी-नर्मदापुरम रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। मृतक की पहचान आशीष पिता सुरेश मलैया के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
काम पर जाने का कहकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, आशीष भारत टॉकीज के पास एक समोसे की दुकान पर काम करता था। रविवार सुबह वह हमेशा की तरह काम पर जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन रात भर उसकी तलाश करते रहे और सोमवार सुबह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में थे, तभी उन्हें ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली।
अधूरी रह गई शादी की हसरत
आशीष दो भाइयों में छोटा था और दोनों भाई अभी अविवाहित थे। बताया जा रहा है कि घर में आशीष की शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिजन उसके लिए रिश्ता देख रहे थे। लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को कब्जे में लिया। एएसआई सुरेंद्र मालवीय ने बताया कि मृतक की पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।









