इटारसी। शिवपुरी जिले के करेरा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई नृशंस हत्या के विरोध में आज इटारसी के अधिवक्ता संघ ने उग्र प्रदर्शन किया। अभिभाषक संघ इटारसी के आह्वान पर सोमवार को जिले के समस्त वकीलों ने न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर प्रतिवाद दिवस मनाया और सुरक्षा की मांग को लेकर हुंकार भरी।
कोर्ट परिसर से जयस्तंभ तक निकाली रैली
सोमवार सुबह अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रमेश सिंह राजपूत और सचिव पारस जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रैली निकाली। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची, जहां वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। इसके पश्चात अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
एक सप्ताह में लागू हो एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट
अभिभाषक संघ के सचिव पारस जैन ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि, हम अपने संघ के अध्यक्ष रमेश राजपूत के आह्वान पर यह आंदोलन कर रहे हैं। शिवपुरी में हमारे एक साथी अधिवक्ता की भाड़े के हत्यारों ने हत्या कर दी है, जिससे पूरे प्रदेश के वकीलों में असुरक्षा की भावना है। हमारी मुख्य मांग हत्यारों को फांसी और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर शासन द्वारा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं किया गया, तो प्रदेश भर के अधिवक्ता भोपाल में मुख्यमंत्री निवास/कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन की मुख्य बातें
- हत्या की निंदा : 14 फरवरी 2026 को शिवपुरी में हुई अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की हत्या की मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद घोर निंदा करती है।
- असुरक्षा का माहौल : प्रदेश में डबरा और अन्य जिलों में भी अधिवक्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
न्यायालयीन कार्य ठप : राज्य अधिवक्ता परिषद के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में आज 16 फरवरी 2026 को इटारसी के सभी वकील कार्य से विरत रहे, जिससे न्यायालयीन कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
इस दौरान अध्यक्ष रमेश सिंह राजपूत, सचिव पारस जैन, उपाध्यक्ष मनीष बाजपेयी, ममता नागेश, कोषाध्यक्ष राजेश चौरे, सह-सचिव विजय दुबे सहित कार्यकारिणी के समस्त सदस्य और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।









