इटारसी। दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेस्टोबॉल टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने स्वर्णिम सफलता हासिल की है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने ओमान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस गौरवशाली जीत में नर्मदापुरम जिले के दो होनहार खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रोमांचक फाइनल में ओमान को दी शिकस्त
दुबई के खचाखच भरे स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाडिय़ों ने जबरदस्त अनुशासन और तालमेल का प्रदर्शन किया। जीत की घोषणा होते ही दुबई की धरती पर तिरंगा शान से लहराया और चक दे इंडिया के नारों से मैदान गूंज उठा। अंतरराष्ट्रीय रेफरी ने भी भारतीय टीम की गति और खेल कौशल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
नर्मदापुरम के इन सितारों ने बढ़ाई जिले की शान
विजेता भारतीय टीम में मध्य प्रदेश के दो प्रमुख खिलाड़ी शामिल थे, इनमें वेदांत पटेल पिता शिव मोहन पटेल और साहिल सिंह सिसोदिया पिता गणपत सिंह सिसोदिया शामिल हैं। दोनों ही खिलाडिय़ों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल दिखाया और फाइनल मैच में महत्वपूर्ण अंक अर्जित कर जीत सुनिश्चित की।
कोच उत्कर्ष मालवीय ने दी बधाई
मध्य प्रदेश सेस्टोबॉल टीम के कोच उत्कर्ष मालवीय इटारसी ने खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह स्वर्ण पदक वेदांत और साहिल की निरंतर मेहनत, समर्पण और अटूट टीम भावना का परिणाम है। इन युवाओं ने न केवल नर्मदापुरम बल्कि पूरे प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों में खुशी की लहर है।









