इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना इटारसी के सेक्टर 4 के अंतर्गत, आज 17 फरवरी 2026 को वार्ड 18, केंद्र क्रमांक 132 में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अटल बाल पालक श्रीमती राखी दुबे के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
प्रभारी परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने माताओं को समझाइश दी कि 6 माह के बाद मां के दूध के साथ ‘ऊपरी आहार’ की शुरुआत करना अनिवार्य है, क्योंकि कुपोषण की नींव अक्सर इसी उम्र से पड़ती है। इस दौरान बच्चों के भोजन में पोषक तत्वों और विविधता को शामिल करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में ‘लालन-पालन’ से संबंधित शिक्षाप्रद वीडियो दिखाए गए। साथ ही, उपस्थित दादी-नानियों ने बच्चों की देखरेख के अपने पारंपरिक अनुभव साझा किए।
केंद्र में मौजूद नन्हे बच्चों का विधि-विधान से अन्नप्राशन कर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा मालवीय, आरती राजपूत, शीला बढ़गोत्री, कल्पना पटेल, भारती सैनी, रजनी बान सहित सहायिका ललिता मस्की, मीना लोगरे और क्षेत्र की धात्री व गर्भवती महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।









