इटारसी। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक चाय की दुकान पर कुछ बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय की दुकान की है। पीडि़त परवेज़ तौफ़ीक खान चाय पी रहा था, तभी वहां 6-7 युवक पहुंचे। हमलावरों ने तौफ़ीक से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब तौफ़ीक ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। चाकू तौफ़ीक की जांघ में लगा है, जिससे उसकी हड्डी टूट गई है और घाव गहरा होने के कारण 6-7 टांके आए हैं।
घटना के तुरंत बाद घायल तौफ़ीक को शासकीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, स्थिति की गंभीरता और पैर की हड्डी टूटने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें नर्मदापुरम रैफर कर दिया। परिजनों ने उसे वहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मुख्य आरोपियों की पहचान पीपल मोहल्ला निवासी शेनू और उसके एक साथी के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि शराब के पैसे मांगना महज एक बहाना था, असल में हमला पुरानी रंजिश को भुनाने के लिए किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।








