इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के तत्वावधान में आगामी 20 फरवरी से शहर के क्रिकेट प्रेमियों और रेल कर्मचारियों के लिए एक खेल आयोजन होने जा रहा है। रेल संस्थान मैदान 12 बंगला में अंतर विभागीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रेलवे के विभिन्न विभागों की टीमें अपना दम-खम दिखाएंगी।
विजेताओं पर होगी इनामों की बौछार
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए संघ ने आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की है। विजेता टीम को 5,000 रुपये नगद एवं चमचमाती ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 3,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
संघ के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष प्रीतम तिवारी और वरिष्ठ नेता संजय कैचे ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर रेल कर्मियों में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 22 टीमें अपनी एंट्री सुनिश्चित कर चुकी हैं। आयोजकों ने कुल 25 टीमों का लक्ष्य रखा है, यानी अब केवल 3 टीमों के लिए ही स्थान शेष है। प्रतियोगिता की प्रवेश राशि 2,500 रुपये निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता 10 ओवरों की
कर्मचारी नेता राजेश गौर और महाकाल कश्यप ने खेल के नियमों की जानकारी देते हुए बताया प्रत्येक मैच 10-10 ओवर का खेला जाएगा। खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन 4 से 5 मुकाबले आयोजित होंगे। यह क्रिकेट महाकुंभ 1 मार्च तक चलेगा, जहां फाइनल मुकाबले के बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। रेलवे के विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष रेल कर्मियों के बीच चर्चा का विषय रहता है।










