- नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया निरीक्षण, जून तक काम पूरा करने के निर्देश
इटारसी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के जरूरतमंदों का अपने घर का सपना अब हकीकत में बदलने वाला है। न्यास कॉलोनी और आजाद नगर में बन रहे बहुमंजिला आवासों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने टीम के साथ दोनों साइट्स का एई मीनाक्षी चौधरी और उपयंत्री सोनिका अग्रवाल के साथ औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में ही सारा काम फिनिशिंग के साथ पूरा कर लिया जाए, ताकि इसी वर्ष पात्र हितग्राहियों को मकानों का आवंटन किया जा सके।
उन्होंने ठेकेदार को भी फटकार लगाते हुए कहा कि इसी साल जरुरतमंदों को आवंटन देना है, इसलिए देरी बर्दाश्त नहीं करेंगे। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि विधायक डॉ सीतासरन शर्मा और सांसद दर्शन सिंह चौधरी के मार्ग दर्शन पर काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा दोनों ही जन प्रतिनिधियों की मंशा है कि इसी साल जरूरतमंद लोगों को आवास मिल जाए।
एबी कंस्ट्रक्शन ने दिखाई रफ्तार
न्यास कॉलोनी में 84 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का निर्माण किया जा रहा है, जहां हर फ्लोर पर 14 मकान हैं। गौरतलब है कि यह प्रोजेक्ट साल 2017 से अधर में लटका था। 2017 में सोमेश भटनागर को टेंडर दिया गया था, लेकिन काम न करने के कारण प्रोजेक्ट सालों पिछड़ गया। अध्यक्ष पंकज चौरे और परिषद ने कड़ा फैसला लेते हुए पुराना टेंडर निरस्त किया और एबी कंस्ट्रक्शन को 2025 में नई जिम्मेदारी सौंपी। ठेकेदार ने तेजी से काम करते हुए बिल्डिंग को लगभग तैयार कर दिया है।
स्ट्रक्चर लगभग तैयार, फिनिशिंग की जल्द
इसी तरह आजाद नगर साइट पर 96 ईडब्ल्यूएस मकानों का निर्माण हो रहा है। यहां एक फ्लोर पर 16 फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं। यहां भी 2017 में भूपतानी कंस्ट्रक्शन की लापरवाही के कारण काम रुका हुआ था। 2024 में मालवीय कंस्ट्रक्शन ने ठेका लिया और अब बिल्डिंग का ढांचा पूरी तरह तैयार हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष के साथ एई मीनाक्षी चौधरी और उपयंत्री सोनिका अग्रवाल मौजूद रहीं। अध्यक्ष ने काम की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर देते हुए कहा शहर के गरीब परिवारों को लंबे समय से इन मकानों का इंतजार है। पुरानी बाधाएं दूर कर दी गई हैं। इंजीनियर्स यह सुनिश्चित करें कि जून की गर्मी खत्म होने तक दोनों साइट्स का काम शत-प्रतिशत पूरा हो जाए, ताकि हम इसी साल आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर सकें।
- न्यास कॉलोनी : 84 फ्लैट्स (प्रति तल 14 मकान)
- आजाद नगर : 96 फ्लैट्स (प्रति तल 16 मकान)
- लक्ष्य : 2026 के भीतर आवंटन प्रक्रिया संपन्न करना।










