- दोपहर में निशान यात्रा, शाम को भजनों से सजेगी संध्या, राजनांदगांव और कटिहार के गायक देंगे प्रस्तुति
सिवनी मालवा। फागुन माह के पावन अवसर पर नगर में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 21 फरवरी, शनिवार को ‘श्याम परिवार बानापुरा’ के तत्वावधान में बाबा श्याम की विशाल निशान यात्रा एवं भव्य श्याम कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योत और इत्र वर्षा इस आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे।
दोपहर 2 बजे से निकलेगी निशान यात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे श्री नरसिंह मंदिर, नीचा बाजार बानापुरा से होगा। यहां से बाबा का रथ और सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में निशान (ध्वज) लेकर विशाल यात्रा के रूप में निकलेंगे। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेगी। नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत करने की तैयारियां भी की गई हैं।
देवांश गार्डन में सजेगी सुरों की महफिल
निशान यात्रा के समापन के पश्चात, शाम 7 बजे से देवांश मैरिज गार्डन, बानापुरा में भव्य भजन संध्या और कीर्तन का आयोजन होगा। इस शाम को यादगार बनाने के लिए देश के ख्यातिलब्ध भजन गायक पहुंच रहे हैं।
- राधिका शर्मा : राजनांदगांव छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भजन गायिका अपनी मधुर आवाज से बाबा का गुणगान करेंगी।
- आदर्श दाधिच : कटिहार बिहार के उभरते भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
- वाद्य संगीत : लखदातार खुभीकल ग्रुप द्वारा संगीत की मधुर लहरियां बिखेरी जाएंगी।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं
- इत्र एवं पुष्प वर्षा : पूरे कीर्तन स्थल पर सुगंधित इत्र और फूलों की वर्षा की जाएगी।
- अखंड ज्योत: बाबा श्याम की अखंड ज्योति के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष होंगे।
श्याम परिवार बानापुरा ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।









