इटारसी। नगर के खेड़ा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एक बेलगाम तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही 8 वर्षीय मासूम शिवन्या रावत को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह फुटबॉल की तरह 5 फीट हवा में उछल गई और सड़क पर करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई। मानवता को शर्मसार करते हुए चालक बच्ची को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
सांसों के लिए संघर्ष, हमीदिया में चल रहा इलाज

हादसे के बाद शिवन्या को तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। बच्ची के सिर, चेहरे और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। वह वर्तमान में वेंटिलेटर/ऑक्सीजन सपोर्ट पर जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रही है। इटारसी में कुछ समाजसेवी बच्ची के उपचार के लिए आपस में रुपए एकत्र कर रहे हैं, पत्रकार अनिल मिहानी की अगुवाई में आज तक एकत्र राशि बच्ची के परिवार को सौंपी जाएगी।
पुलिस ने 6 घंटे में आरोपी वाहन जब्त किया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी इटारसी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि सोशल मीडिया और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार एमपी 05जेडके 2267 की पहचान की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मात्र 6 घंटे के भीतर आरोपी कार को ग्राम आम कच्छार, थाना पथरोटा से बरामद कर इटारसी थाने में खड़ा कर लिया है।
मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घायल बच्ची के पिता राजू रावत, जो पेशे से मजदूर हैं, अपनी लाडली की हालत देखकर सदमे में हैं। पूरा परिवार इस समय भोपाल में बच्ची के इलाज में जुटा है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही परिजन या कोई फरियादी भोपाल से वापस लौटकर रिपोर्ट दर्ज कराता है, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।









