इटारसी। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. सुनील देवानी के चिकित्सालय में वरिष्ठ नागरिक मंच का वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क हुआ। प्रतिवर्ष फरवरी माह में आयोजित होने वाले इस शिविर में मंच के अनेक सदस्यों ने अपनी सेहत की जांच कराई।
गहन जांच और परामर्श
मंच प्रवक्ता एवं कार्यक्रम संयोजक राजकुमार दुबे ने बताया कि शिविर के दौरान सदस्यों के ब्लड प्रेशर और शुगर की गहनता से जांच की गई। डॉ. देवानी ने सभी सदस्यों की रक्त परीक्षण रिपोर्ट का बिंदुवार अवलोकन कर उन्हें व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्वस्थ जीवन के लिए हेल्थ टिप्स
वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील देवानी ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को अपनी दिनचर्या और खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए सुझाव दिए कि भोजन में नमक 3 ग्राम से कम लें। अचार, पापड़, आलू, नमकीन और मैदे का सेवन न्यूनतम करें ताकि खराब कोलेस्ट्रॉल न बढ़े। शरीर के वजन के अनुसार प्रति किलो 1 ग्राम प्रोटीन का सेवन अनिवार्य है।
प्रतिदिन 45 मिनट तेज गति से चलें और नियमित व्यायाम करें। प्रतिदिन 15 मिनट ध्यान और प्राणायाम करें। हर स्थिति में स्वयं को खुश रखने का प्रयास करें। मंच के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सीरिया ने डॉ. सुनील देवानी की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन राजकुमार दुबे ने किया।










