इटारसी | शहर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे रेलवे माल गोदाम परिसर से एक खाली ट्रक चोरी हो गया। ट्रक एम पी 09 एचजी 6139 परमीत सिंह भाटिया के नाम पर रजिस्टर्ड है। शनिवार सुबह जब मालिक माल गोदाम पहुंचे और ट्रक नदारद मिला, तब पुलिस को सूचना दी गई।
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्टेशन रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें ट्रक शहर से बाहर की ओर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है।
दो महीने में दूसरी वारदातइटारसी में ट्रक चोरी का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले 30 दिसंबर को औद्योगिक खेड़ा स्थित गोदाम से सुरेंद्रपाल सिंह भाटिया का सीमेंट से भरा ट्रक चोरी हुआ था, जिसका सुराग अब तक नहीं लग पाया है। माल गोदाम जैसे व्यस्त क्षेत्र से ट्रक गायब होने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।










