- मां विजयासन देवी दरबार समिति द्वारा नि:शुल्क सामूहिक कन्या विवाह में नव-दंपत्तियों ने लिया साथ जीने का संकल्प
इटारसी। शहर के महर्षि नगर स्थित मां विजयासन देवी मंदिर प्रांणग में शुक्रवार को भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां विजयासन देवी दरबार समिति के तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह में तीन जोड़ों ने पवित्र अग्नि के फेरे लेकर सात जन्मों के बंधन में बंधने की कसमें खाईं। इस गरिमामयी समारोह के साक्षी शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिक और वर-वधू पक्ष के स्वजन बने।
इन जोड़ों ने शुरू किया नया जीवन
वैदिक मंत्रोच्चार और सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस विवाह समारोह में जोड़ों ने नव-जीवन में प्रवेश किया।
- साक्षी एवं वीरेन्द्र : महर्षि नगर, इटारसी निवासी रवि कुमार सराठे की सुपुत्री साक्षी का विवाह माखन नगर, बाबई निवासी नर्मदा प्रसाद के सुपुत्र वीरेन्द्र के साथ संपन्न हुआ।
- लक्ष्मी एवं दीपेश : मुन्नालाल उइके की सुपुत्री लक्ष्मी का विवाह महेश निमोदा के सुपुत्र दीपेश के साथ हुआ।
- संगीता एवं राजा : धनराज कीर की सुपुत्री संगीता का विवाह इंदल सिंह निमोदा के सुपुत्र राजा के साथ संपन्न हुआ।
समिति का संकल्प, सेवा का निरंतर प्रवाह
समिति द्वारा प्रति वर्ष बसंत पंचमी पर इस प्रकार के नि:शुल्क आयोजनों का संकल्प लिया गया है। संरक्षक पं. सुनील पाठक और अध्यक्ष पं. प्रमोद भार्गव ने बताया कि यह आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। समारोह में उपाध्यक्ष पं. सुरेन्द्र साकल्ले, श्रीमती ममता बंग और कोषाध्यक्ष बसंत श्रीवास्तव सहित समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंदिर समिति ने समाज के इच्छुक परिवारों से अपील की है कि जो भविष्य में इस प्रकार के सामूहिक विवाह का हिस्सा बनना चाहते हैं या उपहार स्वरूप वस्तु अथवा राशि प्रदान कर पुण्य लाभ कमाना चाहते हैं, वे समिति से संपर्क कर सकते हैं।









