इटारसी। शहर में आज ईमानदारी का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कांग्रेस के युवा नेता और समाजसेवी कृष्णा चौधरी ने एक बेशकीमती सोने की अंगूठी उसके असली मालिक को लौटाकर मानवता और ईमानदारी का परिचय दिया है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के एक प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान कृष्णा चौधरी की नजर जमीन पर गिरी एक सोने की अंगूठी पर पड़ी। उन्होंने उसे सुरक्षित उठाकर अपने पास रखा और जांच-पड़ताल के बाद उसके वास्तविक मालिक रामशंकर सोनकर जिला अध्यक्ष, खेल खिलाड़ी प्रकोष्ठ, नर्मदापुरम को ससम्मान सौंप दिया। अंगूठी की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।
अंगूठी वापस पाकर रामशंकर सोनकर ने कृष्णा चौधरी का आभार व्यक्त किया। इस नेक कार्य के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डन पांडे, नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी और अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष इंजीनियर अजय अहिरवाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कृष्णा की जमकर सराहना की है।









