तवानगर। क्षेत्र की रेगुलर कॉलोनी में एक महिला से सरेराह गाली-गलौज और जबरन पैसे मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विशेष बात यह है कि पीडि़ता शहर के एक अधिवक्ता की पत्नी हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी श्रीमती यशोदा 36 वर्ष, जो कि अधिवक्ता भूपेश साहू की पत्नी हैं, शनिवार शाम लगभग 6 बजे अपनी दुकान पर थीं। इसी दौरान तवानगर निवासी आरोपी विनय व्यास, जो नशे में पूरी तरह धुत था, ने पीडि़ता से अभद्रता करते हुए जबरन पैसों की मांग की। जब पीडि़ता ने विरोध किया, तो आरोपी सरेआम गंदी-गंदी गालियां देने लगा और उन्हें अपमानित किया।
कानूनी कार्यवाही
घटना के बाद पीडि़ता ने तवानगर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी विनय व्यास के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। एक अधिवक्ता की पत्नी के साथ हुई इस अभद्रता को लेकर स्थानीय कानूनी जगत और समाज में रोष है। लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर नशेडिय़ों के बढ़ते आतंक पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।







