इटारसी। शराब के नशे में धुत एक बदमाश द्वारा युवक से पैसे मांगने और मना करने पर कांच की बोतल से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना चेतन नगर 12 बंगला क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
फरियादी राकेश ठोके पिता राजकुमार ठोके, उम्र 27 वर्ष, निवासी चेतन नगर 12 बंगला, ने पुलिस को बताया कि रविवार 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के सामने थे। तभी आरोपी गौतम वाधवा, निवासी दीवान कॉलोनी पुरानी इटारसी ने उन्हें रोका और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
मना करने पर आरोपी गौतम वाधवा ने गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने कांच की बोतल से राकेश पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपी ने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी। इटारसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।







