इटारसी। ग्राम रैसलपुर स्थित मधुर महेश वेयरहाउस में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टॉक काउंटिंग के दौरान एक विशालकाय सांप देखा गया। वेयरहाउस के संचालक नवीन सोनी जब गोडाउन खुलवाकर अंदर जा रहे थे, तभी उन्हें बोरियों के पास सरसराहट सुनाई दी। पास जाकर देखने पर वहां एशिया महाद्वीप का सबसे खतरनाक और जहरीला सांप रसेल वाइपर बैठा हुआ था।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सर्पमित्रों की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। सर्पमित्र अभिजीत यादव, मोहित मेहरा और सचिन दुलारे मौके पर पहुंचे। यह लगभग 4 फीट लंबा रसेल वाइपर था, जो अपनी फुर्ती और घातक हेमोटॉक्सिक जहर के लिए जाना जाता है। टीम ने बेहद सावधानी से सांप को बोरियों के बीच से रेस्क्यू किया और मानवीय बस्ती से दूर वनपरिक्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में रिलीज कर दिया। वन विभाग ने अपील की है कि गोडाउन या पुराने रखे सामान के पास जाने से पहले सावधानी बरतें और सांप दिखने पर स्वयं उसे पकडऩे के बजाय विशेषज्ञों को सूचित करें।









