- एसपी साई कृष्णा के निर्देश पर जिले भर में चली कार्रवाइ
- इटारसी अनुभाग में पुलिस ने दिखाई सबसे ज्यादा मुस्तैदी
इटारसी। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा भापुसे के मार्गदर्शन में जिले भर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान में इटारसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 22 फरवरी 2026 की दरमियानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश दी, जिसमें कुल 152 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इस पूरे अभियान में इटारसी अनुभाग का प्रदर्शन सबसे प्रभावी रहा।
इटारसी अनुभाग : दबिश और धरपकड़ का लेखा-जोखा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में इटारसी अनुभाग के थाना प्रभारियों ने पृथक-पृथक टीमें बनाकर बदमाशों की घेराबंदी की। अकेले इटारसी अनुभाग से कुल 47 वारंटी पुलिस की गिरफ्त में आए।
- थाना इटारसी : पुलिस टीम ने सबसे अधिक 29 फरार वारंटियों को उनके ठिकानों से दबोचा।
- थाना पथरोटा : यहां की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 06 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
- थाना केसला : वनक्षेत्र और ग्रामीण अंचलों में घेराबंदी कर 07 वारंटी पकड़े गए।
- थाना तवानगर और रामपुर : तवानगर पुलिस ने 03 और रामपुर पुलिस ने 02 फरारी वारंट तामील कराए।
रात भर सड़कों पर रहा पुलिस का पहरा
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को भंग करने वाले और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों में खौफ और आम जन में सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है।









