इटारसी। अनजाने में गलत ट्रेन में बैठकर जबलपुर से इटारसी पहुंचे एक 8 वर्षीय बालक को रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द किया।
23 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 16602 में एक बालक अकेला इटारसी स्टेशन पर मिला। पूछताछ करने पर बालक ने अपना नाम नंदू परते उम्र 8 वर्ष, निवासी मड़ई, जबलपुर बताया। उसने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी माता राजकुमारी ठाकुर का मोबाइल नंबर पुलिस को दिया।
सहायक उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह ने तत्काल परिजनों से संपर्क कर उन्हें इटारसी बुलाया। बालक की मां राजकुमारी ठाकुर के इटारसी पोस्ट पहुंचने पर, पंचों के समक्ष कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बालक को सही-सलामत उन्हें सौंप दिया। अपने लाडले को सुरक्षित पाकर परिजनों ने रेल पुलिस का आभार व्यक्त किया।









