इटारसी। शहर के चामुंडा चौराहा क्षेत्र में उधार सामान देने से मना करने पर एक हार्डवेयर व्यापारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त व्यापारी की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना के अनुसार फरियादी अनिल अग्रवाल पिता शिवदयाल अग्रवाल, उम्र 58 वर्ष, जो चामुंडा चौराहा गांधीनगर के निवासी हैं, अपनी हार्डवेयर की दुकान पर मौजूद थे। तभी हाजी मंजिल के आगे रहने वाले तीन युवक रितिक कुचबंदिया, रोहित कुचबंदिया, और बबलू कुचबंदिया दुकान पर आए और उधार सामान की मांग करने लगे। जब अनिल अग्रवाल ने उधार सामान देने से मना कर दिया, तो तीनों आरोपी भड़क गए।
आरोपियों ने व्यापारी को गालियां दीं। विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने मिलकर अनिल अग्रवाल के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चले गये। इटारसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








