इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सेक्टर 1 और 2 के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 14 एवं 15 में आज ‘मंगल दिवस’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामूहिक रूप से 8 बच्चों का जन्मदिवस मनाया गया, जिन्हें उपहार देकर पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पर्यवेक्षक श्रीमती रेखा चौरे ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण के महत्व की जानकारी दी। विशेष रूप से बाल विवाह की रोकथाम पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह लड़कियों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए घातक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत यह एक दंडनीय अपराध है।
इस दौरान सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तवार ने उपस्थित महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल विवाह मुक्त वार्ड बनाने की शपथ दिलाई। विभाग ने घोषणा की कि बाल विवाह रोकने में सहयोग करने वाले धर्म गुरुओं और वार्ड के जागरूक नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं उपस्थित रहीं।









