इटारसी। रेलवे स्टेशन पर पदस्थ आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की सजगता से एक गंभीर रूप से बीमार यात्री की जान बच गई। रात्रि गश्त के दौरान लगभग 11 बजे, प्लेटफार्म क्रमांक 6 पर खड़ी महानगरी एक्सप्रेस के पास एएसआई पुष्पेंद्र सिंह ने देखा कि एसी कोच के सामने एक व्यक्ति संतोष सिंह, निवासी जौनपुर, यूपी अत्यंत गंभीर हालत में लेटा है और उसे सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही है। उनके साथ उनका पुत्र और परिजन भी थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसआई ने बिना समय गंवाए तत्काल एम्बुलेंस बुलाई। प्लेटफार्म पर मौजूद दयाल अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ जागेश पटेल को मौके पर बुलाकर प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ और अन्य सहयोगियों की मदद से यात्री को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यात्री संतोष सिंह अपने पुत्र आशुतोष के साथ वाराणसी से मुंबई जा रहे थे। अचानक तबीयत बिगडऩे पर इटारसी स्टेशन पर आरपीएफ देवदूत बनकर सामने आई। परिजनों ने आरपीएफ और नर्सिंग स्टाफ की इस मानवीय सेवा के लिए आभार व्यक्त किया है।









