सिवनी मालवा। शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में इको क्लब द्वारा बुधवार को मिलेट (श्रीअन्न) व्यंजन मेला का भव्य आयोजन किया। पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस मेले का उद्देश्य मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो और कुटकी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
मुख्य अतिथि डॉ. आरके रघुवंशी, श्रीमती संगीता यादव और श्रीमती मालती गौर उपस्थित रहीं। छात्राओं ने स्वयं निर्मित रागी के लड्डू, बाजरे की खिचड़ी, कोदो पुलाव और कुटकी उपमा जैसे पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सीमा तोमर और डॉ. नवनीत सोनारे शामिल रहे।
डॉ. सतीश बालापुरे प्रभारी ने बताया कि यह मेला सतत जीवन शैली को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। डॉ. रजनीकांत वर्मा सह-प्रभारी ने खाद्य सुरक्षा और जैव विविधता संरक्षण के लिए पारंपरिक मोटे अनाज की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इस दौरान महाविद्यालय स्टाफ और छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं दैनिक आहार में श्रीअन्न को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन इको क्लब इकाई द्वारा किया गया।










