- नरसिंहपुर बनी विजेता, बैतूल रही उपविजेता, 16 टीमों ने लिया भाग
सिवनी मालवा। ग्राम बघवाड़ा में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसका समापन मंगलवार 24 तारीख को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्रीय सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आई टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे पूरे आयोजन में खेल प्रेमियों का खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष प्रतियोगिता में मुंबई, राजस्थान, कटोल, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर सहित कुल 16 टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचक मुकाबले खेले गए और दर्शकों की भारी उपस्थिति ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया।
रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नरसिंहपुर और बैतूल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में नरसिंहपुर की टीम विजेता रही, जबकि बैतूल की टीम उपविजेता बनी।
विधायक ने किया पुरस्कार वितरण
समापन अवसर पर क्षेत्र के विधायक प्रेम शंकर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे खेल आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल भावना का विकास होता है।
आयोजन समिति का सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य सुजीत रघुवंशी, टीनू गौर, लक्ष्मी नारायण रघुवंशी, संजय प्रजापति, सुदामा रघुवंशी, संदीप लवंशी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन की सफलता पर अतिथियों एवं समिति सदस्यों ने सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।










