रितेश राठौर, केसला। बुधवार शाम करीब 7:00 बजे केसला थाने के सामने एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दोपहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोपहिया वाहन करीब 50 से 100 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन पर सवार अनिकेत उर्फ बदल चौहान (उम्र 21 वर्ष), पिता जल्लू उर्फ रामकिशोर, निवासी मर्यारपुरा केसला तथा रोशन, पिता रूपसिंह सेलुकर (उम्र 22 वर्ष), निवासी मर्यारपुरा केसला को गंभीर चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि चार पहिया वाहन (क्रमांक MH 33 V 3034) महाराष्ट्र से इटारसी की ओर जा रहा था, जिसे चालक सहदेव, पिता सीताराम गोदरा (उम्र 31 वर्ष) चला रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए 112 डायल की मदद से घायलों को शासकीय अस्पताल सुखतवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे रेफर कर दिया गया।








