इटारसी। शहर की न्यास कॉलोनी क्षेत्र में बीती रात आपसी विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 फरवरी की शाम करीब 07 बजे की है। फरियादी मनोज केवट 27 वर्ष, पिता तेजराम केवट, जो न्यास कॉलोनी का निवासी है, अपने घर के सामने रोड पर कबीर बगिया के पीछे मौजूद था।
उसी दौरान आरोपी प्रेम धुर्वे वहां पहुंचा और मनोज के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने चाकू जैसे किसी धारदार हथियार से मनोज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में मनोज के पेट के बाईं तरफ, पीठ और बाएं कूल्हे पर गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मारपीट के दौरान पीडि़त को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इटारसी पुलिस ने 26 फरवरी की रात 12:37 बजे मामला पंजीबद्ध किया। जीएस रघुवंशी मामले की जांच कर रहे हैं।









