सिवनी मालवा। क्षेत्र के ग्राम कोटरा में स्थित रेलवे अंडरब्रिज इन दिनों ग्रामीणों और विद्यार्थियों के लिए बड़ी आफत बन गया है। अंडरब्रिज में करीब चार फीट तक जलभराव होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं।
परीक्षा के समय बढ़ी परेशानी : वर्तमान में छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन जलभराव के कारण बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। परिजन जान जोखिम में डालकर बच्चों को पानी के बीच से निकाल रहे हैं।
प्रशासनिक अनदेखी : ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभाग और प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी अब तक जल निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
बाधित मार्ग : यह मार्ग गांव के आवागमन का मुख्य रास्ता है। पानी भरने से लोगों को लंबा और वैकल्पिक रास्ता चुनना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों की चेतावनी : यदि जल्द ही अंडरब्रिज से पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द हस्तक्षेप कर राहत प्रदान करने की मांग की है।









