इटारसी। ग्राम कालाआखर में एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर केसला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 26 फरवरी 2026 की रात लगभग 09:30 बजे की है। फरियादी महिपाल सिंह यादव 36 वर्ष, पिता लाखन सिंह यादव, जो कि मूल रूप से ग्राम देवगढ़ भिंड जिला के निवासी हैं, के साथ ग्राम कालाआखर में विवाद हुआ।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी दिनेश धुर्वे निवासी कालाआखर और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने फरियादी महिपाल सिंह के साथ बिना किसी ठोस कारण के अभद्रता की। आरोपियों ने न केवल गालियां दीं, बल्कि एकमत होकर हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की। घटना के दौरान आरोपियों ने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी। फरियादी ने रात करीब 11 बजे थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।









