इटारसी। शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारे के सामने सवारी बैठाने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक ऑटो चालक ने दूसरे के साथ सरेराह मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, फरियादी सुनील मराठा, निवासी बूढ़ी माता मंदिर के पास इटारसी, अपने ऑटो में सवारियां बैठा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन रोड पर आरोपी रंजीत राजपूत 45 वर्ष, निवासी गोंची तरोंदा पथरौटा, ने सवारी बैठाने की बात को लेकर सुनील से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
आरोपी रंजीत ने फरियादी को गालियां देना शुरू किया और फिर हाथ-मुक्कों से उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने सरेआम फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीडि़त ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इटारसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत राजपूत के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया।








