इटारसी। शहर के मुख्य मार्ग स्थित गगन-मगन होटल के सामने पारिवारिक विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में इटारसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सतीश दत्त 55 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 5, बालागंज नर्मदापुरम, का अपने ही परिचितों के साथ पारिवारिक कारणों से विवाद चल रहा था। मेन रोड पर स्थित गगन-मगन होटल के सामने सतीश दत्त का सामना आरोपी पक्ष से हुआ। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि आरोपियों ने सरेराह सतीश के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी शुभम स्वामी, सुरेशचंद्र स्वामी और शकुंतला स्वामी सभी निवासी रो-हाईराइज पार्क ने एकमत होकर सतीश दत्त को गालियां दीं। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से सतीश के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। फरियादी सतीश दत्त ने शाम को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।








